सेजेस भंवरपुर के अध्येताओं को वित्तीय साक्षरता हेतु सहकारी बैंक भंवरपुर का कराया गया शैक्षणिक भ्रमण

*सेजेस भंवरपुर के अध्येताओं को वित्तीय साक्षरता हेतु सहकारी बैंक भंवरपुर का कराया गया शैक्षणिक भ्रमण*

भंवरपुर, दिनांक 29-11-2025 विद्यालय विद्यार्जन के साथ-साथ छात्र-छात्राओं को व्यावहारिक शिक्षा देकर प्रतिस्पर्धी जीवन शैली से तादात्म्य स्थापित करने की क्षमता का समुचित विकास करने का केन्द्र होता है। इसलिए सेजेस भंवरपुर विद्यालय प्रबंधन द्वारा समय-समय पर ऐसे व्यावहारिक तथ्यों से परिचय हेतु शैक्षणिक भ्रमण का आयोजन किया जाता है। इसी कड़ी में इस बार सहकारी बैंक भंवरपुर का भ्रमण कराया गया। छात्र-छात्राओं द्वारा बैंक के कर्मचारियों से अनेकानेक प्रश्नोत्तर कर सहकारी बैंकों की कार्यप्रणाली को समझने का प्रयास किया गया।

*शैक्षणिक भ्रमण में विशेष योगदान—*
सेजेस भंवरपुर के नव नियुक्त प्राचार्य मनोज नंद एवम् वरिष्ठ व्याख्याता नंदकुमार दीवान के श्रेष्ठ मार्गदर्शन में विद्यालय के ऊर्जावान शिक्षक सरोज कुमार भोई के द्वारा इस कार्यक्रम की रुपरेखा व सफलतम् क्रियान्वयन किया गया। जिसमें राधा देवांगन व दामिनी भोई की विशेष योगदान रहा।

*शिक्षा का उद्देश्य—*
वर्तमान प्रतिस्पर्धात्मक युग में विद्यार्थियों को भविष्य की चुनौतियों और व्यवहारिक जीवन की कठिनाईयों के बारे में सम्पूर्ण व्यावहारिक जानकारियों का होना अत्यावश्यक हो गया है। जैसे-जैसे शिक्षा का स्तर बढ़ रहा है, वैसे-वैसे प्रतिस्पर्धा का भी स्तर बढ़ रहा है। शिक्षा का उद्देश्य अध्येताओं में रोजगार के साथ-साथ विभिन्न आर्थिक, सामाजिक, राजनीतिक, वैज्ञानिक, अनुसंधानपरक, नवाचारात्मक, अनुशासनात्मक, संज्ञानात्मक, सहसंज्ञानात्मक क्षमता का विकास कर जीवन की समस्त चुनौतियों का डटकर सामना करने की दक्षता व कुशलता का विकास करना होता है।

*सहकारी बैंकों का इतिहास व आवश्यकता—*
भारत में सहकारी बैंकिंग की शुरुआत किसानों और छोटे व्यापारियों को साहूकारों से राहत देने के उद्देश्य से हुई। 1904 के Co-operative Credit Societies Act से औपचारिक आधार मिला और 1912 के कानून ने सहकारी संस्थाओं का विस्तार किया। स्वतंत्रता के बाद सहकारी बैंकों ने ग्रामीण ऋण और कृषि विकास में अहम भूमिका निभाई तथा तीन-स्तरीय संरचना(PACS–DCCB–SCB)विकसित हुई। 1966 से RBI ने इन्हें विनियमित करना शुरू किया और 2020 के सुधारों के बाद इनका नियमन और मजबूत हुआ। आज सहकारी बैंक ग्रामीण और स्थानीय वित्तीय प्रणाली का महत्वपूर्ण स्तंभ हैं।

*सहकारी बैंकों के कार्य व उद्देश्य—*
छत्तीसगढ़ में सहकारी बैंकों के महत्वपूर्ण कार्य व उद्देश्य इस प्रकार हैं—
किसानों को अल्पकालीन, मध्यमकालीन व दीर्घकालीन ऋण प्रदान करना, कृषि कार्यों हेतु कम ब्याज दर पर फसल ऋण देना, सहकारी समितियों को वित्तीय सहायता उपलब्ध कराना, ग्रामीण क्षेत्रों में बचत को प्रोत्साहित करना। जमा योजनाओं (सेविंग, एफडी आदि) का संचालन, कृषि उपकरणों की खरीद हेतु ऋण उपलब्ध कराना, पशुपालन, मत्स्य पालन, वनोपज आदि ग्रामीण व्यवसायों को ऋण सहायता, किसानों को समय पर ऋण वितरण एवं ऋण नवीनीकरण का प्रावधान, सहकारी विपणन समितियों को वित्तीय सहयोग, ग्रामीण क्षेत्रों में बैंकिंग सुविधाओं का विस्तार, महिलाओं के स्व-सहायता समूह (SHG) को ऋण एवं वित्तीय सहायता, समाज के कमजोर वर्गों को विशेष ऋण योजनाएँ उपलब्ध कराना, प्राथमिक कृषि ऋण समितियों (PACS) का मार्गदर्शन व पर्यवेक्षण, कृषि उत्पादन बढ़ाने हेतु वित्तीय सेवाओं का प्रावधान, ग्रामीण विकास कार्यक्रमों में वित्तीय भागीदारी, डिजिटल एवं आधुनिक बैंकिंग सेवाओं का प्रसार, राज्य सरकार की कृषि-संबंधित योजनाओं के क्रियान्वयन में सहयोग, किसानों को ऋण माफी/अनुदान योजनाओं के लाभ पहुंचाना, आर्थिक रूप से पिछड़े क्षेत्रों के विकास में सहयोग और ग्रामीण व्यापार, लघु उद्योग व सेवा क्षेत्र को ऋण उपलब्ध कराना आदि।

*शैक्षणिक भ्रमण में उपस्थिति—*
उक्त महत्वपूर्ण शैक्षणिक भ्रमण के कार्यक्रम में टिकेश्वर पटेल, प्रेमकुमार निर्मलकर, शौकीलाल चौहान, अनिरूद्ध भोई, दिनेशचंद्र सतपथी, अनंत विजय कदम, दिनेश कुमार दास, दिनेश कुमार बंधु, प्रदीप कुमार बारीक, दुर्गा प्रसाद पटेल, हीराराम चौहान, अनुसूईया पटेल आदि शिक्षकगणों तथा कक्षा-दसवीं के समस्त छात्र-छात्राओं की उपस्थिति रही।

Post a Comment

0 Comments