भंवरपुर, दिनांक 27-11-2025 भंवरपुर में राजाओं के गढ़ मैदान में स्थित बालमन के ज्ञान, अनुसंधान, विज्ञान और उत्थान का केन्द्र सेजेस भंवरपुर आज पूरे अंचल के गौरव का प्रतीक बन चुका है। विद्यालय और यहाँ के समर्पित शिक्षकों की निरंतर व अनवरत परिश्रम का ही प्रतिफल है कि अनेकानेक क्षेत्रों में यहाँ के अध्ययनरत अध्येताओं की उपलब्धियाँ उत्कृष्ट विद्यालय की सफलता की इबारत लिख रही हैं। इसी कड़ी में उत्कृष्ट विद्यालय भंवरपुर में नये प्राचार्य के रूप में श्री मनोज नंद ने कार्यभार ग्रहण कर विद्यालय को उत्कृष्टता के शिखर तक पहुंचाने की प्रतिबद्धता व्यक्त की है।
*शासन का उद्देश्य—*
शासन स्तर पर शिक्षा की गुणवत्ता व प्रभाविता की अभिवृद्धि हेतु बड़ा प्रशासनिक परिवर्तन किया गया है। जिससे अनेक विद्यालयों में अब कई वर्षों बाद प्राचार्य के रूप में पदोन्नति उपरांत नये प्राचार्यों ने अपने पदभार ग्रहण किया है। यह बड़ा परिवर्तन अध्येताओं के शैक्षणिक व बहुआयामी विकास हेतु सुनिश्चित किया गया है। निश्चित रूप से इसका परिणाम शिक्षा विभाग में आने वाले दिनों में अनेक उपलब्धियों के रूप में दृष्टिगोचर होंगे।
*मनोज नंद जी का स्वागत—*
सर्वप्रथम उत्कृष्ट विद्यालय भंवरपुर के नवनियुक्त प्राचार्य श्री मनोज नंद का स्वागत विद्यालय के द्वार से मंच तक कतारबद्ध खड़े अध्येताओं द्वारा तालियों की गड़गड़ाहट, पुष्प वर्षा व भूतपूर्व प्राचार्य टिकेश्वर पटेल, नंदकुमार दीवान, प्रेमकुमार निर्मलकर तथा समस्त स्टाॅफ द्वारा पुष्प गुच्छ भेंट कर स्वागत व सत्कार किया गया।
कार्यभार ग्रहण उपरांत मंचीय व स्वागत कार्यक्रम की शुरुआत माँ वीणावादिनी के पूजन, अर्चन व वंदन के साथ हुआ।
*स्वागत वक्तव्य तथा भविष्य की रुपरेखा—*
सरस्वती वंदना के पश्चात् उत्कृष्ट विद्यालय की छात्राओं द्वारा मनमोहक स्वागत गीत का प्रस्तुतीकरण किया गया तत्पश्चात् स्वागत भाषण में सर्वप्रथम संस्था के वरिष्ठ व्याख्याता प्रेमकुमार निर्मलकर द्वारा नये प्राचार्य श्री नंद के प्रभावी व्यक्तित्व व योग्यता का विद्यालय हित में सदुपयोग की बात रखी गई, अनंत विजय कदम के द्वारा भूतपूर्व प्राचार्य टिकेश्वर पटेल के स्वर्णिम योगदानों को रेखांकित किया गया, दुर्गा प्रसाद पटेल के द्वारा पूर्व प्राचार्य के सहयोग और मार्गदर्शन के साथ-साथ नव पदस्थ प्राचार्य हेतु ईको क्लब, अटल टिंकरिंग लैब, क्रीड़ा, सांस्कृतिक, साहित्यिक, नैतिक, अनुशासनात्मक, व्यवहारपरक, स्वच्छता, कैरियर गाइडेंस, शैक्षणिक व अन्य पाठ्येत्तर गतिविधियों में उत्कृष्ट विद्यालय की अनेक उपलब्धियों तथा आगामी लक्ष्यों की प्रतिपूर्ति हेतु ध्यान आकृष्ट किया गया। इसके पश्चात् मनीलाल पटेल व विनोद चौहान का स्वागत भाषण सम्पन्न हुआ।
*मनोज नंद का उद्बोधन—*
विद्यालय के नव पदस्थ प्राचार्य मनोज नंद द्वारा भव्यता व सम्मान पूर्वक आयोजित किए गए स्वागत कार्यक्रम हेतु समस्त शिक्षकीय स्टाॅफ तथा अध्येता गणों का आभार व्यक्त किया गया। श्री नंद के द्वारा अपने पूर्व शैक्षणिक व अन्य अनुभवों को साझा करते हुए बताया गया कि शिक्षा के लिए उनका एकमात्र उद्देश्य है उत्कृष्ट विद्यालय में अध्ययनरत प्रत्येक विद्यार्थी के स्वर्णिम भविष्य का निर्माण करना तथा उनके पालकों और समुदाय से सतत् सम्पर्क बनाए रखना है। उन्होंने आगे कहा कि शिक्षा के साथ-साथ समस्त क्षेत्रों में उत्कृष्टता का नया इतिहास गढ़ना ही हम सबका सामूहिक उद्देश्य होना चाहिए। जीवन का एक-एक क्षण और शरीर का एक-एक कण उत्कृष्ट विद्यालय के लिए सदैव समर्पित रहेगा।
*समस्त शिक्षकीय स्टाॅफ व विभिन्न विभागों से परिचय—*
तत्पश्चात् नव पदस्थ प्राचार्य श्री नंद को विद्यालय के सभी शिक्षकीय स्टाॅफ से परिचय कराया गया और पूरे परिसर तथा विभिन्न विभागों से भी परिचित कराया गया। उक्त महत्वपूर्ण स्वागत कार्यक्रम में टिकेश्वर पटेल, नंदकुमार दीवान, प्रेमकुमार निर्मलकर, श्याम सुंदर साहू, शौकीलाल चौहान, अनिरूद्ध भोई, दिनेशचंद्र सतपथी, अनंत विजय कदम, दिनेश कुमार दास, दिनेश कुमार बंधु, राधा देवांगन, प्रदीप कुमार बारीक, मनीलाल पटेल, हेमसागर पटेल, लता पटेल, लक्ष्मी चौहान, हीराराम चौहान, दुर्गा प्रसाद पटेल, अनुसूईया पटेल, सरोज भोई, दामिनी भोई, विनोद चौहान, विनय नायक, सुरेन्द्र बंजारे, खिलेश ध्रुव, चन्द्रहास साहू, अंजली सिंह, आकांक्षा मसीह, नवीन सिंह, ऋतु साहू, ऋतु श्रीवास, आदि शिक्षक-शिक्षिकाएँ उपस्थित रहे।
*समापन—*
इस प्रकार परिचयात्मक चर्चा-परिचर्चा उपरांत इस महत्वपूर्ण स्वागत कार्यक्रम का सफलतम् समापन हुआ।
0 Comments