"विश्व एड्स दिवस" विशेष— एड्स से बचाव अज्ञानता से नहीं, जागरुकता से ही सम्भव—सेजेस भंवरपुर

*"विश्व एड्स दिवस" विशेष—*
*एड्स से बचाव अज्ञानता से नहीं, जागरुकता से ही सम्भव—सेजेस भंवरपुर* 

भंवरपुर, दिनांक 01-12-2025 गतिविधियों की अनेकानेक श्रृंखलाओं ने जहाँ सेजेस भंवरपुर को एक नया नाम, शिक्षा के क्षेत्र में नया मुकाम दिया है, वहीं विद्यार्थियों में विविध क्षेत्रों में एक नयी समझ, एक नयी जिज्ञासा जागृत कर दिया है। इसी कड़ी में वैश्विक स्तर पर बहुप्रचारित, गम्भीर व असाध्य बीमारी एड्स के प्रति जन-जन में जागरूकता और बचाव के लिए प्रतिवर्ष 01 दिसम्बर को "विश्व एड्स दिवस" के रूप में मनाया जाता है। चूँकि इसकी जागरूकता ही इससे बचने का एकमात्र उपाय है, अतः सेजेस भंवरपुर में भी नव पदस्थ प्राचार्य मनोज नंद के कुशल मार्गदर्शन में संस्था के वरिष्ठ व्याख्याता नंदकुमार दीवान व कर्मठ शिक्षक दुर्गा प्रसाद पटेल के द्वारा सुव्यवस्थित व सुनियोजित तरीके से आयोजित "विश्व एड्स दिवस" मनाकर और इसकी सम्पूर्ण जानकारी देकर छात्र-छात्राओं को जागरूक करने का सफलतम् प्रयास किया गया।

*एड्स का इतिहास—*
इस गम्भीर बीमारी के बारे में संस्था के व्याख्याता दिनेश कुमार दास ने बताया कि 1920 के आसपास HIV वायरस की उत्पत्ति मध्य अफ्रीका (कांगो क्षेत्र) में मानी जाती है। माना जाता है कि HIV का मानवों में प्रवेश संक्रमित चिंपैंजी के संपर्क से हुआ। 1959 में कांगो (DRC) में HIV संक्रमण का पहला पुष्टि किया गया रक्त नमूना मिला 1970 के दशक में अफ्रीका से वायरस धीरे-धीरे हैती और फिर संयुक्त राज्य अमेरिका पहुँचा। 1981 में अमेरिका में पहले AIDS मामलों की पहचान समलैंगिक पुरुषों में हुई। इसी वर्ष CDC ने इस नई बीमारी को “Rare Immunodeficiency” के रूप में रिपोर्ट किया। 1982 में पहली बार इस बीमारी का नाम “AIDS” (Acquired Immune Deficiency Syndrome) रखा गया। 1983 में फ्रांसीसी वैज्ञानिकों ने HIV वायरस की खोज की। 1984 में यह पुष्टि हुई कि HIV ही AIDS का कारण है। 1985 में HIV परीक्षण के लिए पहली बार ब्लड टेस्ट विकसित हुआ। 1987 में AIDS उपचार के लिए पहली दवा AZT (Zidovudine) को मंज़ूरी मिली। इसी वर्ष विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने “विश्व एड्स दिवस” (1 दिसंबर) की शुरुआत की। 1991 में वैश्विक जागरूकता के प्रतीक के रूप में “Red Ribbon” अभियान शुरू हुआ। 1996 में Highly Active Antiretroviral Therapy (HAART) विकसित हुई, जिससे मृत्यु दर में भारी कमी आई। 2001 में संयुक्त राष्ट्र ने वैश्विक HIV/AIDS संकट के समाधान पर विशेष सत्र आयोजित किया। 2003 में PEPFAR कार्यक्रम शुरू हुआ, जिसने वैश्विक स्तर पर उपचार और रोकथाम में सहायता की। 2010 के दशक में ART दवाओं को अधिक प्रभावी, सुरक्षित और सस्ती बनाया गया। 2012 में PrEP (Pre-exposure Prophylaxis) को HIV रोकथाम के लिए मंजूरी मिली। 2020 के बाद “Undetectable = Untransmittable” (U=U) अवधारणा पर वैश्विक जोर बढ़ा। आज AIDS नियंत्रित बीमारी है, लेकिन अभी भी वैक्सीन खोजने पर अनुसंधान जारी है।

*HIV कैसे फैलता है?*

संस्था के नव पदस्थ प्राचार्य मनोज नंद द्वारा अध्येताओं को इस बीमारी के प्रसार के कारणों को स्पष्ट करते हुए बताया गया कि असुरक्षित यौन संबंध से
यदि किसी एक साथी को HIV है और वह इलाज (ART) पर नहीं है, संक्रमित सुई या इंजेक्शन साझा करने से, जैसे- नशे वाली दवाओं के इंजेक्शन में इस्तेमाल होने वाली सुइयाँ, संक्रमित उपकरण से टैटू या पियर्सिंग करवाने पर भी जोखिम हो सकता है, मां से बच्चे में, गर्भावस्था, प्रसव या स्तनपान के दौरान (यदि मां इलाज ले रही हो तो यह जोखिम बहुत कम हो जाता है), संक्रमित खून चढ़ाने से (आजकल रक्त जांच के कारण यह बहुत दुर्लभ है।) आदि।

*HIV कैसे नहीं फैलता?*
हाथ मिलाने से, गले लगाने से, खाना या बर्तन साझा करने से, छींकने या खाँसने से, मच्छर या कीड़े काटने से और पसीने या आँसू आदि से HIV का फैलाव एक व्यक्ति से दूसरे व्यक्ति में नहीं होता है।

*कार्यक्रम में सहभागिता—*
इस महत्वपूर्ण जागरूकता कार्यक्रम में टिकेश्वर पटेल, प्रेमकुमार निर्मलकर, नंदकुमार दीवान, शौकीलाल चौहान, अनिरूद्ध भोई, दिनेशचंद्र सतपथी, अनंत विजय कदम, दिनेश कुमार दास, दिनेश कुमार बंधु, राधा देवांगन, प्रदीप कुमार बारीक, मनीलाल पटेल, हेमसागर पटेल, लक्ष्मी चौहान, हीरालाल चौहान, दुर्गा प्रसाद पटेल, अनुसूइया पटेल, सरोज कुमार भोई एवम् दामिनी भोई आदि शिक्षक-शिक्षिकाएँ तथा उत्कृष्ट विद्यालय के समस्त अध्येतागणों की उपस्थिति रही।

*कार्यक्रम का समापन—*
इस प्रकार उपरोक्त वर्णित इस गम्भीर बीमारी के प्रसार व रोकथाम के उपायों के विस्तृत चर्चा-परिचर्चा उपरांत एड्स के प्रतीक “रक्तवर्णीय बन्ध-पट्ट प्रतीक” (RED RIBBON) में बच्चों को कतारबद्ध खड़े करके समाज को भी उत्कृष्ट विद्यालय ने उत्कृष्ट संदेश देने की महती जिम्मेदारी का निर्वहन करते हुए इस जागरूकता कार्यक्रम का समापन किया गया।

Post a Comment

0 Comments