सेजेस भंवरपुर में सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय के अंतर्गत नशामुक्त भारत अभियान के तहत मद्य निषेध हेतु शपथ ग्रहण समारोह सम्पन्न
भंवरपुर दिनांक 18-12-2025
बसना ब्लाक में ज्ञान के केंद्र के रूप में स्थापित स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय भंवरपुर (संकुल- चिपरीकोना) नित-नवीन, समाजोपयोगी तथा विद्यार्थी उन्मुख कार्यक्रमों, सामारोहों, सेमीनारों तथा कार्यशालाओं का आयोजन कर समाज को जागृत तथा सुसंस्कृत करने का अपने दायित्व का निर्वहन कर रहा है। इसी तारतम्य में सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय के अंतर्गत नशामुक्त भारत अभियान के तहत मद्य निषेध के उद्देश्य से शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन ग्राम पंचायत भंवरपुर के सरपंच कृष्ण कुमार सिदार की अध्यक्षता में तथा मोंगरा किशन पटेल (अध्यक्ष जिला पंचायत महासमुन्द), देवकी पुरूषोत्तम दीवान (जिला पंचायत सदस्य), मिलाप निराला अध्यक्ष प्रतिनिधि जनपद पंचायत बसना, कृष्ण कुमार पटेल (जनपद सदस्य बसना), सोमनाथ पटेल (कोषाध्यक्ष भाजपा मण्डल भंवरपुर), तिलक पटेल अध्यक्ष आदर्शवादी समिति बरडीह तथा मनोज नंद (प्राचार्य सेजेस भंवरपुर) के आतिथ्य में सम्पन्न हुआ।
अभियान की शुरुआत—
सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय, भारत सरकार के अधीन नशामुक्त भारत अभियान की शुरुआत 15 अगस्त 2020 को की गई। प्रारंभ में यह अभियान 272 सर्वाधिक प्रभावित जिलों में शुरू किया गया। बाद में इसका विस्तार देशभर में किया गया। अभियान के अंतर्गत जन-आंदोलन के रूप में शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं।
शपथ ग्रहण समारोह का अर्थ—
शपथ ग्रहण समारोह में नागरिक नशे से दूर रहने और दूसरों को भी प्रेरित करने की सार्वजनिक प्रतिज्ञा लेते हैं। यह प्रतीकात्मक नहीं, बल्कि व्यवहार परिवर्तन का माध्यम है। जिससे समाज में नशा के विरुद्ध पूर्णतः मद्य निषेध के लिए स्वस्थ वातावरण का निर्माण किया जा सके। विद्यार्थियों में भी मद्यपान के नकारात्मक प्रभाव तथा नशामुक्त समाज के निर्माण में उनकी सशक्त भूमिका सुनिश्चित किया जा सके।
शपथ ग्रहण समारोह के उद्देश्य—
सशक्त राष्ट्र के निर्माण हेतु हमारे समाज का नशामुक्त होना अत्यावश्यक है। नशामुक्त भारत अभियान की महत्ता को प्रकाशित करते हुए मोगरा किशन पटेल (अध्यक्ष जिला पंचायत महासमुन्द) ने कहा कि नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जन-जागरूकता फैलाना ही इस समारोह का वास्तविक उद्देश्य है। वहीं देवकी पुरुषोत्तम दीवान (सदस्य जिला पंचायत) ने इस अभियान की उपयोगिता बताते हुए कहा कि युवाओं को नशे से दूर रहने हेतु प्रेरित करन, समाज में नशा विरोधी वातावरण का निर्माण करना व नागरिकों में नैतिक व सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करना हमारा लक्ष्य होना चाहिए। मिलाप निराला (अध्यक्ष जनपद पंचायत बसना) ने इसका उद्देश्य परिवार, विद्यालय, पंचायत और समुदाय को अभियान से जोड़ना बताया। कृष्ण कुमार पटेल (सदस्य जनपद पंचायत) ने इसका व्यावहारिक समाधान करने पर जोर दिया, इसके लिए शासन स्तर पर कठोर कदम उठाए जाने की बात कही तथा उत्कृष्ट विद्यालय भंवरपुर के कर्मठ व विद्यार्थी व शाला विकास के संकल्पनाकार प्राचार्य मनोज नंद ने नशामुक्त समाज हेतु स्वस्थ वातावरण के निर्माण में विद्यार्थियों व विद्यालय की भूमिका को इंगित किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी ही भारतीय समाज के भविष्य हैं, भविष्य के नागरिक हैं। इसलिए समाज व राष्ट्र के प्रत्येक दायित्वों व कर्तव्यों के निर्वहन का प्रारंभ उत्कृष्ट विद्यालय भंवरपुर से होगा।
शपथ के मुख्य बिंदु (शपथ की भावना)—
शपथ में यह संकल्प लिया गया कि— "मैं किसी भी प्रकार के नशे का सेवन नहीं करूँगा/करूँगी।नशे के दुष्परिणामों से स्वयं और समाज को बचाने का प्रयास करूँगा। नशा करने वालों को उपचार और परामर्श हेतु प्रेरित करूँगा। स्वस्थ, अनुशासित और जिम्मेदार नागरिक बनूँगा।"
धरातल पर प्राप्त परिणाम—
नशामुक्त भारत अभियान के अंतर्गत पूरे भारत में लाखों नागरिकों ने नशा न करने की शपथ ली, युवाओं और छात्रों में जागरूकता में वृद्धि हुई, नशा मुक्ति केंद्रों में परामर्श हेतु आने वालों की संख्या बढ़ी, ग्राम स्तर पर नशा विरोधी समितियाँ सक्रिय हुईं तथा सामाजिक स्वीकार्यता में नशे के प्रति नकारात्मक दृष्टिकोण विकसित हुआ। इस प्रकार निष्कर्ष रूप में यह कहा जा सकता है कि नशामुक्त भारत अभियान का शपथ ग्रहण समारोह जागरूकता, संकल्प व सामाजिक सहभागिता का प्रभावी माध्यम है। यह अभियान स्वस्थ समाज, सशक्त युवा और समृद्ध भारत की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
समारोह में उपस्थिति—
इस महत्वपूर्ण नशामुक्त भारत अभियान में संकुल केन्द्र चिपरीकोना के समन्वयक अमृतलाल चौहान के साथ उत्कृष्ट विद्यालय भंवरपुर के वरिष्ठ व्याख्याता टिकेश्वर पटेल, नन्दकुमार दीवान, शौकीलाल चौहान, दिनेशचंद्र सतपथी, दिनेश कुमार बंधु, दिनेश कुमार दास, राधा देवांगन, घनश्याम पटेल, अनुसुइया पटेल, मनीलाल पटेल, दुर्गा प्रसाद पटेल तथा सरोज कुमार भोई आदि शिक्षक-शिक्षिकागण, समस्त विद्यार्थी गण, क्षेत्र के समस्त पंचायतों सचिव तथा ग्राम भंवरपुर के सशक्त नारी शक्ति गणों की उपस्थिति रही।
0 Comments