पत्रकारिता शिक्षा, शासन और समाज का सेतु है—SAGES BHANWARPUR

पत्रकारिता शिक्षा, शासन और समाज का सेतु है— सेजेस भंवरपुर

भंवरपुर। लोकतंत्र को पत्रकारिता के बिना कल्पना करना असंभव है। पत्रकारिता  स्वेच्छाचारिता पर नियंत्रण है। पत्रकारिता समाज का दर्पण है। पत्रकारिता सामान्य लोक की अभिलाषा है। पत्रकारिता वित्तीय और कोषीय अनियमितताओं का नियमन है । पत्रकारिता जनाकांक्षाओं का सूत्र है। पत्रकारिता शिक्षा है‌। पत्रकारिता समाज है। पत्रकारिता ही शासन की योजनाओं, परियोजनाओं का विस्तृत लेखा है। पत्रकारिता सही मायनों में लोकतंत्र का प्राण है। पत्रकारिता के इन्हीं मायनों को छात्रों तक संदेशित करने उत्कृष्ट विद्यालय के अध्येताओं के बहुआयामी विकास के शिल्पकार प्राचार्य टी.के. पटेल के सर्वश्रेष्ठ मार्गदर्शन व वरिष्ठ व्याख्याता एन.के. दीवान के निर्देशन में शिक्षक दुर्गा प्रसाद पटेल व परिश्रमी विद्यार्थियों द्वारा ज्ञान व जीवन निर्माण केन्द्र उत्कृष्ट विद्यालय भंवरपुर में आयोजित किया गया "पत्रकारिता और शिक्षा" पर आधारित सम्मान समारोह।

समारोह का शुभारंभ—

सेजेस भंवरपुर में पत्रकारिता के महत्त्व को छात्र-छात्राओं के लिए प्रकाशित करने पत्रकारिता सम्मान समारोह का शुभारंभ माँ वीणावादिनी के चरणों में पूजन, अर्चन व छात्राओं द्वारा सुमधुर वंदना तथा भंवरपुर अंचल के समस्त समाचार संवाददाता बंधुओं कुबेर चरण नायक, विनोद अग्रवाल, सत्यप्रकाश अग्रवाल, करुणाकर उपाध्याय, भोज प्रधान व विवेक चौहान की गरिमामय उपस्थिति से हुआ। जिसके पश्चात् 
उत्कृष्ट विद्यालय के प्राचार्य व शिक्षकों के द्वारा समस्त अतिथियों का स्वागत पुष्प गुच्छ से किया गया।

भारत में पत्रकारिता का इतिहास—

भारत में पत्रकारिता का एक समृद्ध इतिहास रहा है। जिस प्रकार से आक्रांताओं ने भारत के समृद्ध सभ्यता, संस्कृति, ज्ञान, परम्परा, रीति, भाषा, शासन व्यवस्था, व्यापार, कृषि और आर्थिक व्यवस्था पर आक्रमण व अतिक्रमण किया ठीक उसी प्रकार से ब्रिटिश राज व्यवस्था द्वारा पत्रकारिता को भी समय-समय पर नियंत्रित व दमित करने का अनेक बार कुत्सित प्रयास किया गया।

भारत में पत्रकारिता का प्रारंभ 1780 में जेम्स ऑगस्टस हिक्की द्वारा कोलकाता से हिक्कीज़ बंगाल गजट से किया गया। यह भारत का पहला मुद्रित समाचार पत्र माना जाता है। 1816 – गंगाधर भट्टाचार्य ने बंगाल गजट (भारतीय द्वारा प्रकाशित पहला समाचार पत्र) शुरू किया गया। 1826 – उदंत मार्तंड (कलकत्ता से) भारत का पहला हिंदी समाचार पत्र पंडित जुगलकिशोर शुक्ल ने प्रकाशित किया। 1854 – समाचार पत्रों पर नियंत्रण हेतु ब्रिटिश सरकार ने गवर्नमेंट प्रेस ऐक्ट बनाया। 1857 के बाद – स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान समाचार पत्र राष्ट्रीय चेतना के वाहक बने। बाल गंगाधर तिलक ने केसरी और मराठा निकाले। 1878 – लॉर्ड लिटन ने वर्नाक्युलर प्रेस एक्ट लागू किया, ताकि भारतीय भाषाओं के समाचार पत्रों पर नियंत्रण रखा जा सके। 20वीं सदी की शुरुआत – अमृत बाज़ार पत्रिका, हिंदू, ट्रिब्यून आदि राष्ट्रीय आंदोलन में अग्रणी बने । 1920-40 का दौर – गांधीजी ने यंग इंडिया, नवजीवन और हरिजन के माध्यम से आज़ादी का संदेश फैलाया। 

1947 के बाद – स्वतंत्र भारत में समाचार पत्र लोकतंत्र का सशक्त स्तंभ बने। टाइम्स ऑफ इंडिया, हिंदुस्तान टाइम्स, जनसत्ता, नवभारत टाइम्स आदि प्रमुख हुए। संक्षेप में भारत में प्रेस की शुरुआत 1780 से हुई और यह स्वतंत्रता आंदोलन का वाहक बनकर लोकतांत्रिक व्यवस्था का महत्वपूर्ण स्तंभ बना।

वर्तमान में बहुप्रचलित समाचार पत्रों में नवभारत (नागपुर, महाराष्ट्र) 1934 से, दैनिक भास्कर (भोपाल, मध्यप्रदेश) 1958 से तथा हरिभूमि (नई दिल्ली) 1996 से अपनी सेवाएँ देकर समाज को सशक्त व समर्थ बनाने में अपना महत्त्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं।

पत्रकारिता और शिक्षा—

इस सम्मान समारोह में उपस्थित अतिथियों द्वारा बताया गया कि समाचार पत्रों का विद्यार्थी जीवन में महत्त्वपूर्ण स्थान होता है। शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, सामाजिक, आर्थिक, राजनैतिक, समसामयिक, सम्पादकीय, खेल, राज्य, राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय स्तर की सूचनाओं और शब्दावलियों का समुचित ज्ञान समाचार पत्रों के माध्यम से ही सम्भव होता है। प्रतियोगी परीक्षाओं कि आधार समाचार पत्र-पत्रिकाएँ होती हैं। समाचार पत्रों के सतत् अध्ययन से बौद्धिक के साथ-साथ व्यक्तित्व का भी बहुमूखी विकास होता है।
अत: विद्यार्थी जीवन में समाचार पत्रों का सतत् सम्पर्क सफलता का पर्याय बन जाता है।

ईको क्लब के द्वारा आयोजित प्रतियोगिताओं का पुरस्कार वितरण—

विगत दिनों ईको क्लब के प्रभारी शिक्षक दुर्गा प्रसाद पटेल के द्वारा सेजेस भंवरपुर में आयोजित "पर्यावरण प्रदूषण: कारण और निवारण" विषय पर निबंध प्रतियोगिता तथा "प्लास्टिक मुक्त कैरी बैग निर्माण प्रतियोगिता" में प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों योगेश सिदार, पार्वती सिदार, रुपकुमार सिदार, सरोजनी चौहान, खुशबू सिदार, सुमीत यादव आदि को उनकी प्रतिभा व श्रेष्ठ प्रदर्शन के कारण मोमेंटो प्रदान कर पुरस्कृत व उत्साहवर्धन किया गया तथा पर्यावरण के महत्त्व को भी बताया गया।

उपस्थित अतिथिगण एवम् शिक्षकगण—

पत्रकारिता और शिक्षा के महत्त्व पर आधारित इस सम्मान समारोह में कुबेर चरण नायक, सत्यप्रकाश अग्रवाल, करुणाकर उपाध्याय, भोज प्रधान व विजय चौहान आदि संवाददाताओं के साथ विद्यालय के शिक्षकगण पी.के. निर्मलकर, एन.के. दीवान, ए. भोई, एस.एल. चौहान, डी.के. बंधु, ए.व्ही. कदम, डी.के. दास, आर. देवांगन, पी.के. बारीक, एच.आर. चौहान, डी.पी. पटेल, एस.के. भोई, एच.एस. पटेल, एम.एल. पटेल, एल. नायक, एल. चौहान आदि तथा समस्त विद्यार्थियों की उपस्थिति रही।
 
समारोह का समापन—

अंत में समस्त सम्माननीय अतिथियों के सम्मान तथा उत्कृष्ट विद्यालय के प्रभारी प्राचार्य पी.के. निर्मलकर के आभार प्रदर्शन पश्चात् सम्मान समारोह का सफल समापन हुआ।

Post a Comment

0 Comments