गतिविधियों की अनेकानेक श्रृंखलाओं के तहत पठन कौशल का हुआ सुव्यवस्थित आयोजन
अध्येताओं में अध्ययन कौशल के समुचित विकास हेतु सेजेस भँवरपुर में पुस्तक वाचन व द्रुत पठन कार्यक्रम का हुआ आयोजन
भंवरपुर, दिनांक 29-08-2025। विद्यालय विद्यार्थियों के बहुआयामी विकास का केन्द्र होता है। यह विकास सिर्फ अध्यापन से ही सम्भव नहीं होता, अपितु अनेकानेक पाठ्येत्तर गतिविधियों के सम्यक आयोजन से सम्भव है। शिक्षा व व्यक्तित्व विकास के क्षेत्र में जो आयोजन उत्कृष्ट विद्यालय भंवरपुर ने किया है, उसने न सिर्फ भंवरपुर अंचल को अपितु पूरे राज्य स्तर पर परचम लहरा दिया है। गतिविधियों की अनगिनत कड़ियों के अंतर्गत इस बार "पुस्तक वाचन तथा द्रुत पठन" का सुव्यवस्थित व सफलतम् आयोजन उत्कृष्ट विद्यालय भंवरपुर द्वारा किया गया।
पठन कौशल का महत्त्व—
वास्तव में पुस्तक वाचन का अभ्यास न सिर्फ आपके पठन कौशल का विकास करता है, बल्कि सही और द्रुत पठन से पाठकों के मस्तिष्क में शब्दकोश का भी समुचित विकास होता है। शब्दकोश के समुचित विकास से अभिव्यक्ति कौशल का सशक्त विकास होता है। विचार का आधार शब्दकोश होते हैं। वैचारिक दृढ़ता से निर्णय शक्ति बढ़ती है। सही निर्णय से व्यक्ति के कार्य सही दिशा में होने लगते हैं और सार्थक कार्यों से सफलता और व्यक्तित्व का बहुआयामी विकास होता है। अत: पठन से सिर्फ क्षणिक नहीं दीर्घकालिक परिणाम मिलते हैं।
द्रुत पठन गतिविधि में सम्मिलित शिक्षक व अध्येतागण—
इस पुस्तक पठन व द्रुत पठन के कार्यक्रम का आयोजन विद्यालय के अनेकानेक गतिविधियों के कल्पनाकार प्राचार्य टिकेश्वर पटेल के मार्गदर्शन में वरिष्ठ व्याख्याता नन्द कुमार दीवान एवम् ऊर्जावान शिक्षक दुर्गा प्रसाद पटेल व सरोज कुमार भोई के द्वारा किया गया। जिसमें शौकीलाल चौहान, अनिरुद्ध भोई, घनश्याम पटेल, प्रदीप कुमार बारीक व अनुसुइया पटेल तथा समस्त स्टाफ का विशेष योगदान रहा। इस महत्वपूर्ण गतिविधि में समस्त छात्र-छात्राओं की सहभागिता रही।
विद्यालय की अन्य महत्वपूर्ण गतिविधियाँ—
विद्यालय में शैक्षणिक कैलेण्डर के आधार पर समयानुसार अनेकानेक गतिविधियाँ आयोजित की जाती हैं। जिनमें ईको क्लब के द्वारा भँवरपुर के विभिन्न शासकीय व गैर-शासकीय स्थलों में किए गए वृक्षारोपण कार्यक्रम, अटल टिंकरिंग द्वारा किए गए इनोवेशन व अनुसंधानात्मक कार्य तथा क्रीड़ा विभाग द्वारा क्रिकेट, भारोत्तोलन तथा खो-खो में संभाग स्तरीय सफलता आज उपलब्धि का नया कीर्तिमान स्थापित कर चुका है। "सड़क सुरक्षा जीवन रक्षा" विषय पर जिला स्तरीय वाद-विवाद प्रतियोगिता में विद्यालय के प्रतिभाशाली छात्रों में लक्ष्य देवांगन, देवकुमार देवांगन व गुणसागर पटेल आदि द्वारा श्रेष्ठ प्रदर्शन किए जा रहे हैं। इस प्रकार सेजेस भंवरपुर विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का केन्द्र बन चुका है।
0 Comments